मैहर, 14 मार्च (हि.स.)। आगामी 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्र पर्व को लेकर मैहर स्थित मां शारदा मंदिर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारू दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शारदा मंदिर प्रबंधक समिति के सदस्य सचिन मिश्रा ने शनिवार को मंदिर परिसर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, दर्शन मार्ग तथा श्रद्धालुओं के लिए की जा रही अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित कर्मचारियों और व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां शारदा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, इसलिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और सुचारू रहनी चाहिए।
सचिन मिश्रा ने विशेष रूप से पेयजल, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने मंदिर परिसर में तैनात कर्मचारियों को भी निर्देशित किया कि नवरात्र पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सभी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखी जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी
