होटल व ढाबा संचालकों में हड़कंप, कई सिलेंडर जब्त

नारनाैल, 14 मार्च (हि.स.)। घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने जिले में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कई होटल और ढाबों में घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से इस्तेमाल करते पाए जाने पर विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए कई सिलेंडर जब्त किए। अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल और ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर होटलों और ढाबों की जांच की। जांच के दौरान कई स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडर का कमर्शियल उपयोग किया जा रहा था, जो नियमों के खिलाफ है। ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सिलेंडर जब्त कर लिए। छापेमारी के दौरान टीम ने रेवाड़ी रोड, सिंघाना रोड और महावीर चौक क्षेत्र में स्थित कई होटल और ढाबों की जांच की। इसके अलावा जिले के अन्य कस्बों में भी अभियान चलाया गया। टीम ने अटेली और कनीना में भी कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी करते हुए गैस सिलेंडरों की जांच की।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग केवल घरेलू जरूरतों के लिए किया जा सकता है, जबकि होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल अनिवार्य है। घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करना नियमों का उल्लंघन है और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर रोक लगाई जा सके। विभाग ने होटल और ढाबा संचालकों को चेतावनी दी है कि वे नियमों का पालन करें और व्यावसायिक उपयोग के लिए केवल कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही प्रयोग करें। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के होटल और ढाबा संचालकों ने तुरंत घरेलू सिलेंडरों को हटाकर कमर्शियल सिलेंडर लगाने की तैयारी शुरू कर दी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेंगा। उन्होंने होटल और ढाबा संचालकों को सख्त हिदायत दी कि वे केवल कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही इस्तेमाल करें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला
