जींद, 14 मार्च (हि.स.)। शहर थाना पुलिस ने शराब कारोबार में सांझेदार बनाने का झांसा दे 80 लाख रुपये हड़पने पर तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव शाहपुर निवासी विरेद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अनाज मंडी में आढ़त की दुकान चलाए हुए है। सैक्टर आठ निवासी सुभाष से उसकी पुरानी जान पहचान थी। सुभाष ने उसे एल वन शराब के टेंडर निकले होने की बात कहते हुए सांझेदारी में एल वन लेने की बात कही। इस कार्य में एक करोड़ रुपये निवेश करना भी बताया। कुछ समय के बाद सुभाष, उसका बेटा सौरभ तथा उसकी पत्नी फिर उसे उसकी दुकान पर आए लाइसेंस फीस भरने, स्टॉक लेने की बात कही और ऐसा न करने पर प्लेंटी का भय दिखाया। जिस पर उसने 80 लाख रुपये आरोपितों को नगद दिए। जब उसने पार्टनशिप के दस्तावेज तैयार करने को कहा तो वह टालमटोल करने लगा। जिसके बाद आरोपित ने उसे एक करोड़ की इंट्री लेजरबुक में दिखाई। आरोपित ने उसकी राशि ब्याज सहित देेने का आश्वासन दिया। 19 लाख 50 हजार रुपये आरोपित ने दे भी दिए। जब उसने सुभाष से 80 लाख रुपये वापस मांगे तो कुछ समय में ब्याज सहित देने की बात कही। बावजूद इसके आरोपित ने राशि नही दी। इसको लेकर पंचायतें भी हुई लेकिन आरोपित ने रुपये नही दिए। जब उसने दबाव बनाया तो सुसाइड कर पूरे परिवार को फंसाने की धमकी दी। शनिवार को जानकारी देते हुए शहर थाना की जांच अधिकारी गीता ने शनिवार काे बताया कि शहर थाना पुलिस ने विरेंद्र की शिकायत पर सुभाष, उसकी पत्नी तथा बेटे सौरभ के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
