खूंटी, 14 मार्च (हि.स.)। झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में 15 मार्च को इंटर स्कूल अंडर-12 रग्बी चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता खूंटी स्थित लोयोला हाई स्कूल में आयोजित होगी, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से बालक और बालिका वर्ग की कुल 16 टीमें भाग लेंगी।

प्रतियोगिता का उद्घाटन सुबह 09 बजे किया जाएगा, जबकि समापन समारोह शाम 05 बजे आयोजित होगा। इस दौरान विभिन्न टीमों के बीच कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें लगभग 200 से अधिक खिलाड़ी और अधिकारी शामिल होंगे।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्कूली स्तर पर रग्बी खेल को बढ़ावा देना और बच्चों में खेल भावना, अनुशासन तथा टीम वर्क की भावना को विकसित करना है। इसके माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच भी मिलेगा।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से झारखंड में रग्बी खेल को नई पहचान मिल रही है और युवाओं में खेल के प्रति रुचि भी बढ़ रही है।
झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव हेजाज अशदक ने शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।———–
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
