पानीपत, 14 मार्च (हि.स.)। पानीपत की एक कॉलोनी में नौ साल की मासूम बच्ची के साथ बाथरूम में दुष्कर्म का प्रयास किया गया। ऐन वक्त पर बच्ची की मां वहां पहुंच गई, जिसे देखकर आरोपी दीवार लांघकर फरार हो गया लेकिन बाहर पहरा दे रहे उसके दोस्त को मौके पर ही धर दबोचा। इससे पूछताछ के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता की मां ने शनिवार काे बताया कि वह एक कंपनी में नौकरी करती है। रोजाना की तरह शुक्रवार को भी वह ड्यूटी खत्म कर घर लौटी तो उसने देखा कि एक लड़का उनके घर के बाथरूम की दीवार फांदकर भाग रहा है। शक होने पर वह तुरंत बाथरूम की ओर दौड़ी, जहां उसकी नौ साल की बेटी डरी-सहमी हालत में खड़ी थी। बाथरूम के ठीक बाहर एक और नाबालिग लड़का खड़ा था, जो स्थिति बिगड़ती देख भागने की फिराक में था। परिजनों द्वारा पकड़े गए नाबालिग लड़के से पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसका दोस्त अंदर गलत काम करने के इरादे से गया था और उसने उसे बाहर खड़े होकर पहरा देने को कहा था ताकि कोई अंदर न आ सके। पकड़े गए लड़के की निशानदेही पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया। थाना चांदनी बाग प्रभारी महिपाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ने अपने आप को नाबालिग बताया है। इसलिए आरोपी की सही उम्र पता करने के लिए प्रमाण पत्र मंगाए है। प्रमाण पत्रों के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
