
दमोह, 14 मार्च (हि.स.)। दमोह जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर लंबित प्रकरणों के त्वरित और आपसी सहमति से निराकरण के उद्देश्य से कुल 23 खंडपीठों का गठन किया गया है।

नेशनल लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के लंबित मामलों को आपसी समझौते के आधार पर शीघ्र निपटाने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के साथ-साथ प्री-लिटिगेशन मामलों का भी निराकरण किया जा रहा है, जिससे पक्षकारों को समय और धन दोनों की बचत हो सके।
कार्यक्रम के दौरान न्यायिक अधिकारियों ने कहा कि लोक अदालत आमजन को सुलभ, सरल और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। इसमें आपसी सहमति से विवादों का समाधान कर लंबे समय से लंबित मामलों को समाप्त किया जाता है।
इस अवसर पर न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों और बड़ी संख्या में पक्षकारों की उपस्थिति रही। नेशनल लोक अदालत में बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना दावा, विद्युत देयक, पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न प्रकार के मामलों के निराकरण की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
न्यायालय प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने मामलों का आपसी समझौते के माध्यम से निराकरण कराने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव
