अररिया 14 मार्च(हि.स.)। फारबिसगंज प्रखंड के बोकड़ा पंचायत में राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत आयुष ग्राम का आयोजन शनिवार को किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देशी चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, होमियोपैथी आदि के प्रति आमलोगों में जागरूकता लाना था। सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रश्मि कुमारी, डॉ मो. मोहिउद्दीन, डॉ आरिफ रफीकी, मनु फाउंडेशन के वैद्य रीतेश मिश्र, पंचायत के मुखिया रिज़वान आलम, वार्ड सदस्य मौसिम ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुखिया रिज़वान आलम ने कहा कि इस सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में इस कार्यक्रम का आयोजन होने से लोगों को लाभ मिलेगा। लोग स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होंगे। स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने से रोग से मुक्ति मिलेगी, लोग कम बीमार पड़ेंगे।
आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रश्मि कुमारी ने कहा कि आयुर्वेद में वर्णित दिनचर्या, रितुचार्य का पालन करके रोगों से मुक्त रहा जा सकता है। रसोई घर में मौजूद मसाला से कई रोगों का इलाज संभव है। लोगों को घर, आंगन में औषधीय पौधा लगाने की सलाह दी गई। वैद्य रीतेश मिश्र ने संबोधित करते हुए योग के फायदों पर प्रकाश डाला। कहा कि आसन, प्राणायाम और ध्यान के नियमित अभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक रोगों से बचा जा सकता है। बताया कि भोजन करने के बाद वज्रासन में बैठने से पाचन की समस्या दूर रहती है। प्राणायाम और ध्यान से ब्लडप्रेशर, अनिद्रा आदि रोगों में राहत मिलती है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ मो. मोहिउद्दीन, डॉ आरिफ रफीकी ने भी स्वस्थ रहने के नियमों का पालन करने की सलाह दी। कहा कि छोटी छोटी बीमारियों में घरेलू नुस्खे का सेवन करना फायदेमंद है।
मौके पर लोगों के बीच औषधीय पौधा, औषधीय पौधों का बीज, आयुर्वेदिक दवा, सेनिटाइजर, सेनेटरी पैड आदि का वितरण किया गया।मौके पर मो. अलीमुद्दीन.मो.फारुक.सलाउद्दीन,मो.असलम सहित अन्य लोग मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर
