नाहन, 14 मार्च (हि.स.)। राजगढ़ उपमंडल के ग्राम सेर (पंचायत सेर जगास) में शनिवार को आयुष किसान मेले का सफल आयोजन किया गया। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के आयुष मिशन के तहत आयोजित इस मेले का आयोजन आयुष विभाग के राजगढ़ कार्यालय द्वारा किया गया। इस मेले का शुभारंभ उप मंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डाक्टर प्रियंका सुद द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया ।मेले बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेद और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों से जोड़ना रहा।

मेले के दौरान अनुभवी आयुर्वेदिक चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया, जिसमें लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया गया। विशेष रूप से मधुमेह (डायबिटीज) और हीमोग्लोबिन की जांच निःशुल्क की गई, जिससे लोगों को अपनी सेहत के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इस अवसर पर योग विशेषज्ञों द्वारा योग शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी गई। योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से कई बीमारियों से बचाव संभव है और शरीर को स्वस्थ रखा जा सकता है।
आयोजन के दौरान क्षेत्र के किसानों, महिलाओं और युवाओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने और नियमित योग करने की सलाह दी। इस किसान मेले में क़ृषि विभाग से आए कृषि विशेषज्ञों ने आर्गेनिक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि किस तरह हम शून्य वेट से जीवामृत आदि घर पर ही तैयार कर सकते हैं
डॉ. प्रियंका सूद उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी राजगढ़ ने बताया कि आयुष किसान मेले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेद और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आज यहां लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, डायबिटीज और हीमोग्लोबिन टेस्ट किए गए तथा निःशुल्क आयुर्वेदिक दवाइयां भी वितरित की गईं। साथ ही औषधीय पौधों की प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को इनके लाभ और खेती के बारे में जानकारी दी गई, ताकि वे इन्हें अपनाकर स्वास्थ्य और आय दोनों को बेहतर बना सकें
—————
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर
