मंदसौर, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पशुओं के लिए चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए चारा और भूसे के अवैध परिवहन में लिप्त चार ट्रकों को जब्त किया है।

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती अदिती गर्ग द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में पशुओं के आहार में उपयोग होने वाले चारा, भूसा, घास, ज्वार सहित अन्य सामग्री को ईंट भट्टों और फैक्ट्रियों में जलाने तथा जिले की सीमा से बाहर ले जाने पर 31 मई 2026 तक प्रतिबंध लगाया गया है।
मंदसौर एसडीएम ग्रामीण शुभम पाटीदार ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान भावगढ़ से दलौदा मार्ग पर कार्रवाई करते हुए चार ट्रकों को पकड़ा गया, जो पशु चारा और भूसे से ओवरलोड होकर जिले की सीमा से बाहर जावरा की ओर ले जाए जा रहे थे।
सूचना मिलने पर तहसीलदार दलौदा ने पटवारी दल के साथ मौके पर पहुंचकर चार ट्रक को जब्त कर लिया। सभी वाहनों को थाना भावगढ़ की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध अवधि के दौरान चारा और भूसे के अवैध परिवहन, भंडारण या अन्य उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया
