शिमला, 14 मार्च (हि.स.)। राजधानी शिमला में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ठग अलग–अलग तरीकों से लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर उनके परिचितों से पैसे मांगने की कोशिश कर रहे हैं। इसी तरह का एक मामला अब शिमला में सामने आया है, जहां एक व्यक्ति का व्हाट्सऐप अकाउंट हैक कर उसके संपर्क में मौजूद लोगों को क्यूआर कोड भेजकर पैसे मांगने की कोशिश की गई।

पुलिस के अनुसार न्यू शिमला थाना क्षेत्र के रहने वाले संजीव चौहान ने शिकायत दर्ज करवाई है कि 13 मार्च को दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच उनका व्हाट्सऐप अकाउंट हैक कर लिया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक हैकर ने तकनीकी तरीके से उनके मोबाइल नंबर पर आने वाली कॉल को दूसरे नंबर पर फॉरवर्ड कर दिया, जिससे ओटीपी को इंटरसेप्ट किया जा सके और अकाउंट तक पहुंच बनाई जा सके।
शिकायत में कहा गया है कि अकाउंट हैक करने के बाद ठग ने उनके व्हाट्सऐप से जुड़े लोगों को क्यूआर कोड भेजना शुरू कर दिया और उनसे पैसे भेजने की मांग की। इस तरह ठग उनके परिचितों को धोखा देकर पैसे ठगने की कोशिश कर रहा था। मामले की जानकारी मिलने के बाद शिकायतकर्ता ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस थाना न्यू शिमला ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की तकनीकी जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हैकर ने किस तरह से व्हाट्सऐप अकाउंट तक पहुंच बनाई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ठग ने किन-किन लोगों को क्यूआर कोड भेजे और किसी से पैसे ट्रांसफर हुए या नहीं।
इस मामले में पुलिस थाना न्यू शिमला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल इस मामले की जांच थाना न्यू शिमला के एसएचओ की निगरानी में चल रही है और पुलिस साइबर ट्रेल के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी परिचित के व्हाट्सऐप से अचानक पैसे मांगने का मैसेज या क्यूआर कोड मिले तो पहले फोन कर पुष्टि जरूर करें और बिना जांच किए पैसे ट्रांसफर न करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
