सुपौल, 14 मार्च (हि.स.)। जिले में घरेलू एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति एवं वितरण सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देश पर गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन ने एलपीजी गैस वितरण की निगरानी के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन भी स्थापित की है। कोई भी उपभोक्ता या आम नागरिक गैस से संबंधित शिकायत, सूचना या जानकारी प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक दूरभाष संख्या 06473-224005 पर दे सकता है। प्रशासन की ओर से शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुपौल जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। सभी गैस कंपनियों और डिस्ट्रीब्यूटरों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। गैस बुकिंग और डिलीवरी की प्रक्रिया मिस्ड कॉल, एसएमएस, आईवीआरएस, व्हाट्सएप और ओटीपी के माध्यम से पहले की तरह जारी है। बुकिंग के बीच 25 दिनों का अंतराल निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर गैस कंपनियों के एरिया ऑफिसर्स, फील्ड ऑफिसर्स, जिला आपूर्ति पदाधिकारी और सभी अनुमंडल पदाधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घबराकर या पैनिक में गैस की बुकिंग न करें।
इसके साथ ही सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को गैस डीलरों और वितरकों के यहां नियमित निरीक्षण और छापेमारी करने का निर्देश दिया गया है। जिला स्तर पर बीडीओ, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और थाना अध्यक्षों की संयुक्त टीम भी गठित की गई है, जो लगातार निगरानी और छापेमारी कर रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कालाबाजारी या जमाखोरी करते पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
