आगरा , 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) ने शनिवार को उपनिरीक्षक एवं समकक्ष भर्ती परीक्षा-2025 के नाम पर विभिन्न सोशल मीडिया चैनलों के माध्यम से ठगी करने वाले एक वांछित व्यक्ति को गिरफ्तार किया हैं।

एसटीएफ के उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहिन कराने के लिए पैनी नजर रखी जा रही है। इसी दौरान टेलीग्राम पर 11 और 12 मार्च को कई चैनलों के माध्यम से अनुचित मौद्रिक लाभ प्राप्त करने के लिए परीक्षार्थियों को इस लिखित परीक्षा का प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का मैसेज वायरल किया गया। इस संबंध में पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने लखनऊ के हुसैनगंज थाना मुकदमा दर्ज कराया। निगरानी के दौरान जानकारी मिली कि एक वांछित अभियुक्त आगरा में मौजूद है। इस सूचना के बाद टीम ने हुसैनगंज पुलिस के साथ
आगरा के इन्जिनियर्स कॉलोनी निवासी आयुष बघेल को गिरफ्तार किया है। उसके पास से मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। एसटीएफ टीम उसे अपने साथ लखनऊ लाकर पूछताछ में जुट गई है।—————–
हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay
