कठुआ/बसोहली, 14 मार्च (हि.स.)। सरकारी डिग्री काॅलेज बसोहली के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड के सहयोग से वित्तीय साक्षरता पर एक दिवसीय कार्यशाला एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को वित्तीय योजना, निवेश के विकल्प और जिम्मेदार धन प्रबंधन के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। स्वागत भाषण अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा बंद्राल ने दिया और वित्तीय साक्षरता को आज के समय की महत्वपूर्ण जीवन कौशल बताया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता प्रो. पवन कुमार गुप्ता (सेबी सिक्योरिटी मार्केट ट्रेनर व सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर, एसपीएमआर काॅलेज) रहे। उन्होंने छात्रों को म्यूचुअल फंड, निवेश योजना, प्राइमरी व सेकेंडरी मार्केट और वित्तीय अनुशासन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने साॅवरेन गोल्ड वांड और बैंकिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेश की प्रक्रिया भी समझाई।
कार्यक्रम में करीब 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया और इंटरैक्टिव सत्र में विशेषज्ञों से सवाल भी पूछे। कॉलेज की प्रिंसिपल ने भी विद्यार्थियों को सुरक्षित निवेश और वित्तीय अनुशासन अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. विशाल शर्मा के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। इस दौरान कॉलेज के कई विभागाध्यक्ष, शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
