चंडीगढ़, 14 मार्च (हि.स.)। आईडीएफसी बैंक घोटाले मामले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए आज सावन ज्वेलर्स के मालिक राजन कटोदिया को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि ढाई सौ करोड़ रुपये से अधिक की राशि सावन ज्वेलर्स के द्वारा रिभव रिषी, अभय कुमार, अभिषेक सिंगला, स्वाति सिंगला व अन्य आरोपियों की विभिन्न कंपनियों/फर्मों से प्राप्त की गई।
इन कंपनियों/फर्मों में पैसा सरकारी खातों से गैर कानूनी तरीके से ट्रांसफर किया गया था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सावन ज्वेलर्स के मालिक राजन के द्वारा मुख्य आरोपियों के लिए कैश कन्वर्जन का काम किया गया व इसके लिए भारी कमीशन प्राप्त किया। आरोपी के द्वारा इन फर्मों/कंपनियों के नाम सोने के आइटम्स बेचे हुए दिखाए गए। आरोपी राजन ने इस मामले में धोखाधड़ी की शुरुआत से ही षडयंत्र रचने में अहम भूमिका निभाई तथा पूर्व योजना के तहत अपराध को अंजाम देने में सक्रिय योगदान दिया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार इस मामले में यह 12वीं गिरफ्तारी है। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का खुलासा हो सके। जांच में यह भी सामने आया है कि सावन ज्वेलर्स को अनधिकृत तरीके से पैसा केप को फिनटेक सर्विस, एसआरआर प्लानिंग, स्वास्तिक देश प्रोजेक्ट से प्राप्त हुआ है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
