इंदौर, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कलेक्टर शिवम वर्मा के सख्त निर्देशों के तहत रविवार को भी सभी गैस एजेंसियों के कार्यालय खुले रहेंगे तथा गैस बुकिंग और रिफिल का कार्य सामान्य दिनों की तरह किया जाएगा।

जिला आपूर्ति नियंत्रक एमएल मारू ने शनिवार को बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सभी सेल्स ऑफिसरों को निर्देशित किया गया है कि वे सुनिश्चित करें कि रविवार को कोई भी गैस एजेंसी बंद न रहे। एजेंसी संचालकों और उनकी टीमों को पूर्ण क्षमता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए आवश्यक मानव संसाधन, वाहनों और अन्य व्यवस्थाओं की योजना आज ही तैयार करने को कहा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रविवार को भी गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी आपात स्थिति में सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगी, ताकि सोमवार को अत्यधिक बैकलॉग की स्थिति न बने और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही गैस प्लांट भी रविवार को क्रियाशील रहेंगे। इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक निर्देश जारी किए जा रहे हैं, जिससे गैस की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे।
इंदौर में 24 घंटे में मिल रहा गैस पाइपलाइन कनेक्शन
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर शहर में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन गैस से जोड़ने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। अवंतिका गैस लिमिटेड की विशेष टीम द्वारा लगातार नए कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं। पिछले तीन दिनों में अवंतिका गैस कंपनी ने शहर के लगभग 12 से 13 स्थानों पर हॉस्टल, अभय प्रशाल, रेस्टोरेंट, छप्पन दुकान क्षेत्र तथा कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिष्ठानों को गैस पाइपलाइन कनेक्शन दिए हैं और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है। 56 दुकान क्षेत्र में दो दिवस में सभी दुकानों पर गैस पाइपलाइन से कनेक्शन देने के निर्देश अवंतिका के मैनेजमेंट को जिला प्रशासन द्वारा दिए गए हैं ताकि 56 दुकान पर दुकानों के संचालन में कमर्शियल सिलेंडर के अभाव में किसी प्रकार का कार्य बाधित ना हो सकें।
प्रशासन ने बताया है कि जिन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के नजदीक गैस पाइपलाइन की सुविधा है, वे तत्काल आवेदन कर 24 घंटे के भीतर कनेक्शन प्राप्त कर गैस आपूर्ति प्राप्त कर सकते हैं। कलेक्टर वर्मा के निर्देशानुसार गठित विशेष टीम द्वारा अभियान चलाकर अधिक से अधिक व्यावसायिक इकाइयों को पाइपलाइन गैस से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे व्यवसायों को सुरक्षित, सुगम और निरंतर गैस आपूर्ति उपलब्ध हो सके,, जहां गैस पाइपलाइन उपलब्ध है और कोई भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान या आम उपभोक्ता कनेक्सन लेना चाहते हैं तो हेल्पलाइन नंबर 7509275091 पर संपर्क कर सकते हे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
