धमतरी, 14 मार्च (हि.स.)। जिले में घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए होटल, भोजनालय और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच के दौरान अब तक जिले के 14 प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। नियमों के उल्लंघन करने पर प्रकरण दर्ज करते हुए 22 गैस सिलेंडर जब्त किए गए है।

14 मार्च को कुरूद विकासखंड में भी जांच की गई। यहां पांच प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस प्रकार जिले में अब तक कुल 19 प्रतिष्ठानों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करते हुए 32 गैस सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर का दुरुपयोग रोकने के लिए जिले में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित है। इसका व्यावसायिक उपयोग नियमों का उल्लंघन है और ऐसा पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
45 दिन बाद ही अगली रिफिलिंग के लिए बुकिंग:
ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को पूर्व में कराए गए रिफिलिंग के 45 दिन बाद ही अगली रिफिलिंग के लिए मोबाइल के माध्यम से ओटीपी आधारित बुकिंग की सुविधा मिलेगी। शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को पूर्व में कराए गए रिफिलिंग के 25 दिन बाद अगली रिफिलिंग के लिए ओटीपी आधारित मोबाइल बुकिंग उपलब्ध होगी। जिन उपभोक्ताओं का केवाईसी पूर्ण नहीं हुआ है, उनकी गैस बुकिंग संभव नहीं होगी। ऐसे उपभोक्ता संबंधित गैस एजेंसी में गैस कार्ड, आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर के साथ उपस्थित होकर केवाईसी पूर्ण कराएं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
