
रामगढ़, 14 मार्च (हि.स.)। रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने रामगढ़ थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। थाना पहुंचने पर उन्हें पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों का टर्न आउट और किट परेड का निरीक्षण किया, जिसमें सभी पदाधिकारियों का टर्न आउट उच्च स्तर का पाया गया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना भवन, चाहरदीवारी, बैरक, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही सीसीटीएनएस के कार्य, सरकारी संपत्ति, विभिन्न पंजी, अपराध रिकॉर्ड, लंबित कांड, हाट-बाजार एवं पंचायतों से जुड़ी सूचियों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान पाई गई त्रुटियों को जल्द सुधारने तथा पुराने पंजी को अद्यतन करने के निर्देश थाना प्रभारी को दिए गए।
एसपी ने थाना में लंबित विशेष और सामान्य कांडों की भी समीक्षा की तथा अनुसंधानकर्ताओं को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता अभियान, वाहन चेकिंग और आवश्यक साइन बोर्ड लगाने के लिए एनएचएआई और जिला परिवहन विभाग से समन्वय बनाने को कहा।
उन्होंने आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व को देखते हुए पुलिस को 24 घंटे सतर्क रहने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने, नियमित पेट्रोलिंग करने तथा संगठित अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनने, उनका शीघ्र समाधान करने और जनता के साथ सौम्य व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
