– उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बोले, किसी समाज का अपमान स्वीकार नहीं

लखनऊ, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न और उसके विकल्पों को लेकर उठे विवाद पर प्रदेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से कहा कि भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न के साथ दिए गए विकल्पों पर कड़ी आपत्ति जताई गई है। सरकार ने इस मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया है। यदि किसी भी प्रश्न से किसी समाज या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचती है तो यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी जाति, समुदाय या परंपरा के प्रति अपमानजनक शब्दों को कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए। पूरे प्रकरण की तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं और संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सभी समाजों के सम्मान, समानता और संवेदनशीलता के सिद्धांत पर काम करती है। प्रदेश के हर नागरिक की गरिमा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे किसी भी परिस्थिति में आहत नहीं होने दिया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ .राजेश
