पश्चिमी सिंहभूम, 14 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) पश्चिमी सिंहभूम की जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने शनिवार को नव मनोनीत मंडल अध्यक्षों की सूची जारी की। उन्होंने सभी नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों को बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

गीता बालमुचू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक मजबूत संगठन है और संगठन की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है।
उन्होंने विश्वास जताया कि नव मनोनीत मंडल अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत करने, पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने तथा कार्यकर्ताओं को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जारी सूची के अनुसार टोंटो मंडल अध्यक्ष के रूप में अनिल दास, चाईबासा सदर ग्रामीण पूर्वी मंडल अध्यक्ष के रूप में सावन तिर्की, चाईबासा सदर ग्रामीण पश्चिमी मंडल अध्यक्ष के रूप में कृष्ण बिहारी खंडाईत, कुमारडुंगी मंडल अध्यक्ष के रूप में सुरेश चंद्र गागराई, जगन्नाथपुर मंडल अध्यक्ष के रूप में बामिया लागुरी और खूंटपानी मंडल अध्यक्ष के रूप में दोनो बासिंह को मनोनीत किया गया है।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि सभी मंडल अध्यक्ष संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
