

फिरोजाबाद, 14 मार्च (हि.स.)। सांप द्वारा शनिवार को एक बच्ची को काटने के बाद परिजन बच्ची के साथ सांप को भी अस्पताल ले आए। यह देख अस्पताल स्टाफ व मरीज हैरान रह गए। चिकित्सक ने बच्ची को उपचार दिया। परिजनों का कहना था कि वह सांप को इसलिए लेकर आए ताकि उसे देखकर सही उपचार हो सके।

यह घटना शनिवार शाम गांव मुबारकपुर में हुई। घर के पास खेलते समय बालिका को एक सांप ने डस लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। परिजन और ग्रामीण तत्काल बालिका को उपचार के लिए फिरोजाबाद के ट्रामा सेंटर लेकर आए।
परिजनों ने जिस सांप ने बालिका को काटा था, उसे पकड़कर एक बोरी में बंद कर लिया था। वह बच्ची के साथ उस बोरी को भी अपने साथ लेकर अस्पताल पहुंचे। ट्रामा सेंटर में जैसे ही लोगों को पता चला कि बोरी में सांप है, वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दूरी बनाकर खड़े हो गए।
चिकित्सकों ने बिना किसी देरी के बालिका को प्राथमिक उपचार दिया और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण बालिका की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद ट्रामा सेंटर और आसपास के इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
बालिका के चाचा कन्नौजी ने बताया कि वह घबराहट में सांप को इसलिए साथ लाए थे ताकि डॉक्टर यह पहचान सकें कि किस प्रकार के सांप ने बालिका को काटा है। बाद में डॉक्टरों के कहने पर परिजनों ने सांप को खुली जगह में छोड़ दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़
