हमीरपुर, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के ललपुरा थाना क्षेत्र में अवैध मौरंग खनन के दौरान हुए हादसे में घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। मजदूर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया था, जहां शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। जब परिजन शव लेकर गांव पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया।

मामला ललपुरा थाना क्षेत्र के सहुरापुर गांव का है। यहां रहने वाला 40 वर्षीय रंजीत निषाद मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। सहुरापुर गांव के पास बेतवा नदी में अवैध रूप से मौरंग खनन किया जा रहा था। रंजीत भी मजदूर के रूप में वहां काम कर रहा था। इसी दौरान मौरंग का टीला अचानक ढह गया, जिससे वह दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने उसे किसी तरह बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शनिवार को जब परिजन शव लेकर गांव पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन हो रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं थाना प्रभारी राकेश सरोज ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
