जबलपुर, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद ने वर्ष 2026 के चुनाव को लेकर अहम घोषणा की है। परिषद द्वारा शनिवार को जारी प्रेस नोट के अनुसार बार काउंसिल चुनाव के तहत अधिवक्ताओं की प्रारंभिक मतदाता सूची 16 मार्च 2026 (सोमवार) को प्रकाशित की जाएगी। इस सूची के जारी होने के बाद प्रदेश भर के अधिवक्ता अपने नाम और विवरण की जांच कर सकेंगे तथा आवश्यक होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्तियां भी प्रस्तुत कर सकेंगे।

परिषद ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं जैसे प्रोविजनल मतदाता सूची, आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया, अंतिम मतदाता सूची, नामांकन प्रक्रिया तथा मतदान केंद्रों की जानकारी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। सभी अधिवक्ता संघों से भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने-अपने अधिवक्ताओं को वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध जानकारी से अवगत कराएं, ताकि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से पूरी की जा सके।
चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार हाई पावर्ड इलेक्शन कमेटी का गठन किया गया है, जिसके रिटर्निंग ऑफिसर पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुशील कुमार पालो हैं। परिषद के कार्यकारी सचिव नीलेश जैन ने अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे चुनाव से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए परिषद की आधिकारिक वेबसाइट https://www.sbcofmp.org.in का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें तथा चुनाव के दौरान निर्धारित मॉडल आचार संहिता का पालन करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक
