
रांची, 14 मार्च (हि.स.)। टाटीसिलवे के ऐतिहासिक डोल मेला घूमने आए ग्रामीणों को एक बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। घटना में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 12 लोग घायल हो गए।

घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक की स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर किया गया है। घटना के बाद मेला परिसर में अफरातफरी मच गई। मृतकों में अनगड़ा निवासी
65 वर्षीय भोला शर्मा , रीमा कुमारी( 22) पिता प्रमोद वर्मा , मिलन चौक अनगड़ा शामिल हैं।
वहीं घायलों में पप्पू साव (32), सुलोचना देवी (55), रश्मि कुमारी (19), पुनम कुमारी( 22), अरुणा एक्का (18), तारा देवी (38), रौशनी कुमारी (22) , मोनिका देवी (38), आयुश (5), अंशिका (7) (दोनों भाई बहन, पिता टिंकू कुमार ), लोखन मंडल, निशु लकड़ा शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार हर वर्ष की तरह टाटीसिलवे के मानकी ढीपा में ऐतिहासिक डोल मेला का आयोजन किया गया था। शनिवार को मेला का तीसरा दिन था जिसमें शामिल होने आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग शामिल होने पहुंचे थे। सड़क के दोनों ओर बाजार लगा होने की वजह से सड़क पर भी काफी संख्या में लोग आवागमन कर रहे थे। इसी बीच शाम को अनगड़ा की ओर से आ रही बैंगनआर कार (जेएच 05सीपी 4627) ने अचानक भीड़ शामिल लोगों को चपेट में ले लिया। दुर्घटना से अफरातफरी मच गया। मेला ड्यूटी में तैनात एएसआई रवि कुमार ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया जहां भोला शर्मा एवं रीमा को डॉक्टरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों का इलाज चल रहा है।
वहीं,घटना से आक्रोशित लोगों ने पहले मानकीढीपा मेला परिसर के सामने सड़क जाम कर दिया। कुछ देर रुकने के बाद सभी दोनों शवों को टाटीसिलवे के बैंक मोड़ चौक में रखकर रांची खेलगांव रोड़ जाम कर दिया जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हंसे उरांव ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे थे परंतु ग्रामीण मुआवजा एवं कार चालक पर कार्रवाई करने की मांग पर अड़े थें। जाम एवं ग्रामीणों को उग्र होता देख भारी संख्या में पुलिस बल बुलाया गया था।
मृतक के परिजनों ने मेला संचालकों के उपर आरोप लगाया कि पूर्व से मेला दो दिन लगाया जाता रहा हैं। इस वर्ष 12 एवं 13 मार्च को मेला था तो 14 तक क्यूं लगाया गया। उन्होंने संचालकों पर विधि व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। घटना के बाद से प्रशासन के आदेश पर मेला बंद कर दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
