पूर्वी सिंहभूम, 15 मार्च (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड स्थित कलिकापुर बाजार में रविवार को एक होटल में गैस सिलेंडर फटने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान लगातार दो सिलेंडरों में विस्फोट होने से भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरा होटल जलकर खाक हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

बताया जाता है कि घटना के समय होटल में खाना तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर के रेगुलेटर के पास अचानक आग लग गई। आग लगते ही होटल में मौजूद कर्मचारी और ग्राहक घबराकर बाहर निकल गए। कुछ लोगों ने आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया।
आग की लपटों ने पास में रखे दूसरे सिलेंडर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद जोरदार धमाके के साथ दूसरा सिलेंडर भी फट गया। लगातार दो विस्फोट होने से इलाके में दहशत फैल गई और होटल पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते होटल में रखे दो अन्य गैस सिलेंडरों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे और बड़ा हादसा होने से बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी, जिसके बाद दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
होटल के आसपास कई मकान होने के कारण आग फैलने की आशंका बनी हुई थी, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता और दमकल कर्मियों की मेहनत से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल इस घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
