जगदलपुर, 16 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के आदेश अनुसार बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आगामी 17 मार्च को बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता विधानसभा घेराव में शामिल होंगे।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ रायपुर में प्रदेश कार्यालय में बैठक लेकर घेराव की रणनीति पर चर्चा की है साथ ही जिलाध्यक्षों और विधानसभा प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि, मनरेगा बचाओ संग्राम और प्रदेश के कई स्थानीय मुद्दों को लेकर विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इसमें बिजली दरों में बढ़ोतरी, किसानों से किए गए वादों को पूरा नहीं करना, धान खरीदी में वादाखिलाफी और गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी जैसे मुद्दों को उठाया जाएगा।उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी महासचिव सचिन पायलट सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियां ,मनरेगा बचाओ, बढ़ते नशे के कारोबार अफीम की खेती में भाजपा सरकार के संरक्षण के आरोप, व्यवसायिक कमर्शियल गैस सिलेंडर पर अघोषित रोक व घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि, बाधित गैस आपूर्ति सहित अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ विधानसभा घेराव करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा
