बलरामपुर, 16 मार्च (हि.स.)। राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक सुगमता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न विकासखंडों में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड स्तर पर जिला स्तरीय समाधान शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा।

विकासखंड वाड्रफनगर में 19 मार्च 2026 को ग्राम पंचायत बरतीकला के हाई स्कूल मैदान में जिला स्तरीय समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे और नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों तथा शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदनों का पंजीयन कर उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा।
शिविर के सफल संचालन के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्धारित तिथि पर शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शिविर में प्राप्त आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
