जींद, 16 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा ने कहा है कि वर्ष 2014 के बाद देश और प्रदेश में विकास, पारदर्शिता और सुशासन की नई परंपरा स्थापित हुई है। केंद्र सरकार की अनेक योजनाओं ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।

मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा साेमवार काे जींद जिले के पिंडारा, गतौली और जुलाना मंडल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के तहत आयोजित कार्यशालाओं में मुख्य वक्ता के ताैर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार द्वारा पिछले दस वर्षों में किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का तुलनात्मक अध्ययन कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश और प्रदेश में विकास की नई दिशा और गति देखने को मिली है। केंद्र सरकार की योजनाओं ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। जबकि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के माध्यम से नौ करोड़ से अधिक महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के करोड़ों परिवारों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में प्रदेश में पारदर्शिता और सुशासन को मजबूत किया गया है। कार्यशाला के दौरान उन्होंने संगठन के सिद्धांतों, विचारधारा और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के दर्शन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकर्ताओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उन्हें प्रभावी ढंग से निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
