-ओडिशा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का मामला

भुवनेश्वर, 16 मार्च (हि.स.)। ओडिशा में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग के आरोपों के बीच बीजद विधायक देवीरंजन त्रिपाठी ने खुलासा किया है कि उन्होंने पार्टी प्रत्याशी के बजाय भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी दिलीप राय को वोट दिया।देवीरंजन त्रिपाठी ने कहा कि उन्होंने यह फैसला अपनी अंतरात्मा की आवाज और विवेक के आधार पर लिया। उन्होंने कहा कि दिलीप राय बीजू विरासत के प्रमुख प्रतिनिधियों में से एक हैं और वे खुद भी बीजू पटनायक के आदर्शों और नीतियों से प्रेरित हैं। इसी कारण उन्होंने राय के समर्थन में मतदान किया।
उन्होंने कहा कि उनका वोट पार्टी नेतृत्व को संदेश देने और उन्हें जागरूक करने के उद्देश्य से भी था। त्रिपाठी के अनुसार, जब हजारों कार्यकर्ताओं की आवाज को पार्टी नेतृत्व नहीं सुनता, तब ऐसी परिस्थितियां पैदा होती हैं।
उन्होंने दावा किया कि उन्होंने हजारों कार्यकर्ताओं की भावना का प्रतिनिधित्व करते हुए यह निर्णय लिया। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सही रास्ते पर चलता है तो उसे किसी भी कार्रवाई से डरने की जरूरत नहीं होती।
—
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
