हल्द्वानी , 16 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने उप जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तराखंड को ज्ञापन प्रेषित कर कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा से किसानों को हुए नुकसान के लिए उचित मुआवजा देने की मांग की।

उन्होंने बताया कि कल क्षेत्र में आए भीषण तूफान, तेज बारिश एवं प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों की आम, गेहूं सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इस आपदा से किसानों की मेहनत और आजीविका पर गंभीर प्रभाव पड़ा है।
इसी संदर्भ में किसानों की समस्याओं को देखते हुए उपजिलाधिकारी हल्द्वानी को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों की फसलों का तत्काल सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की गई। ज्ञापन में प्रशासन से आग्रह किया गया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए, ताकि वे इस कठिन परिस्थिति से उभर सकें।
इस दौरान हेमू पडालिया (ग्राम प्रधान) वसीम , टिकम मेहरा , संदीप बिनवाल , नीरज हाबिल, पूरन जोशी सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता
