बलरामपुर,16 मार्च (हि.स.)। दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से ग्रामीणों को उपचार और जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इसी क्रम में कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने विकासखंड बलरामपुर के ग्राम सीतारामपुर में मोबाइल मेडिकल यूनिट का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने यूनिट के माध्यम से ग्रामीणों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्था और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने मोबाइल मेडिकल यूनिट में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों, दवाइयों के स्टॉक, मरीजों के पंजीयन रजिस्टर और उपचार से संबंधित दस्तावेजों का भी अवलोकन किया।
उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या, दी जा रही जांच सुविधाओं तथा गंभीर मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
सीएमएचओ ने निर्देश दिए कि मोबाइल मेडिकल यूनिट निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से गांवों में पहुंचे, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने विशेष रूप से जनजातीय और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक नियमित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट का मुख्य उद्देश्य ऐसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जहां स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचना कठिन होता है। यूनिट के माध्यम से ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार, सामान्य स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयों का वितरण और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा प्रदान की जा रही है।
सीएमएचओ ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देशित किया कि गांवों में आने वाले मरीजों का सही तरीके से पंजीयन कर उन्हें आवश्यक जांच और उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा जरूरत पड़ने पर उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने ग्रामीणों से भी बातचीत कर मोबाइल मेडिकल यूनिट से मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि यूनिट के माध्यम से गांव में ही स्वास्थ्य सेवाएं और दवाइयां मिलने से उन्हें काफी सुविधा हो रही है।
सीएमएचओ ने स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पोषण संबंधी परामर्श और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराकर ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
