कानपुर, 16 मार्च (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को बावर्ची ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किये। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की पड़ताल में जुट गई है।

शिवकटरा इलाके में रहने वाले पप्पू वाल्मीकि एक निजी अस्पताल में सफाई कर्मचारी हैं। परिवार में उनका बेटा राज वाल्मीकि (21) था। जबकि उनकी पत्नी का 18 साल पहले निधन हो चुका है। आज जब पिता अपनी ड्यूटी पर चले गए थे। तो राज घर पर अकेले था। वह कृष्णा नगर स्थित एक भोजनालय में बावर्ची का काम करता था। उसके करीबी गौरव ने बताया कि वह दो दिनों से मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था। आज जब वह उसके घर पहुंचा तो कई बार आवाज देने के बाद भी घर के भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। तो उसने खिड़की से झांक कर देखा तो कमरे के अंदर लोहे की पाइप से रस्सी के सहारे उसका शव लटक रहा था। इस पर गौरव ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्यों का आकलन किया।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
