दक्षिण 24 परगना, 16 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही पूरे राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। लेकिन घोषणा के महज आधे घंटे के भीतर ही दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप सामने आया। रविवार को कैनिंग में धूमधाम से एक सरकारी पार्क का उद्घाटन खुद तृणमूल कांग्रेस के विधायक ने किया। इसके बाद सवाल उठने लगे हैं कि राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद इस तरह पार्क का उद्घाटन किया जा सकता है या नहीं।

रविवार शाम करीब चार बजे पत्रकार सम्मेलन में चुनाव आयोग ने राज्य के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। बताया गया कि घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। लेकिन चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म होने के आधे घंटे के भीतर ही कैनिंग-एक पंचायत समिति क्षेत्र में सरकारी पार्क का उद्घाटन कैनिंग पश्चिम के तृणमूल विधायक परेशराम दास ने कर दिया। विधायक निधि के करोड़ों रुपये से निर्मित ‘नेताजी सुभाष पार्क’ के उद्घाटन को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है।
चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही राज्य में किसी भी नई सरकारी परियोजना का उद्घाटन या शिलान्यास नहीं किया जा सकता। लेकिन सत्तारूढ़ दल के विधायक पर इस नियम के उल्लंघन का आरोप लग रहा है।
इस संबंध में विधायक परेशराम दास ने कहा कि यह कोई नियम उल्लंघन नहीं है। कार्यक्रम पहले से तय था और चार दिन पहले प्रशासन से अनुमति ली गई थी। आज केवल उद्घाटन किया गया है। इस पार्क के लिए तीन करोड़ रुपये की लागत तय की गई है, जिसमें से एक करोड़ रुपये का काम पूरा हो चुका है। आम लोगों के लिए पार्क का उद्घाटन करने में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है, ऐसा वह नहीं मानते।
इस मुद्दे को लेकर भाजपा के स्थानीय नेतृत्व ने सोमवार को तृणमूल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस राज्य में संविधान और कानून का कोई महत्व नहीं रह गया है। तृणमूल के लिए नियम का मतलब उसे तोड़ना है। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग तुरंत विधायक परेशराम दास के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
