खूंटी, 16 मार्च (हि.स.)। सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप मिश्रा ने एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग और वितरण में लागू 25 दिन (शहरी क्षेत्र) और 45 दिन (ग्रामीण क्षेत्र) की समय-सीमा समाप्त करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री को पत्र लिखकर जनहित में व्यवस्था में बदलाव करने का आग्रह किया है।

पत्र में दिलीप मिश्रा ने कहा है कि वर्तमान में शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही दोबारा गैस सिलेंडर बुक करने की अनुमति मिलती है। इससे खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि गांवों में अधिकतर संयुक्त परिवार रहते हैं, जिसके कारण गैस की खपत अधिक होती है और एक सिलेंडर 45 दिनों तक चल पाना कई परिवारों के लिए मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि शहरों में कई स्थानों पर गैस पाइपलाइन की सुविधा उपलब्ध है और बिजली आपूर्ति भी अपेक्षाकृत बेहतर होती है, जिससे लोग इंडक्शन चूल्हा या माइक्रोवेव जैसे विकल्पों का उपयोग कर लेते हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण लोग इन विकल्पों का उपयोग नहीं कर पाते और पूरी तरह रसोई गैस पर निर्भर रहते हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
