-प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने नये नेता भूपेन राय, दांडी सोनोवाल, राना सोनार और हिरण्य फुकन का पार्टी में किया स्वागत

गुवाहाटी, 16 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), असम प्रदेश मुख्यालय, अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आज एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और दरंग-उदालगुरी लोकसभा क्षेत्र से सांसद दिलीप सैकिया ने की। इस कार्यक्रम में कई पार्टियों के प्रमुख नेताओं ने भाजपा का दामन थामा।
इस कार्यक्रम में असम के कैबिनेट मंत्री जयंत मल्ल बरुवा, प्रदेश संगठन महामंत्री रविंद्र राजू, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक और लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद प्रदान बरुवा और प्रदेश महामंत्री अनूप बर्मन के साथ-साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
एक बार फिर भाजपा सरकार बनाने के अपने संकल्प को दोहराते हुए, असम गण परिषद के वरिष्ठ नेता भूपेन राय, सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद के पूर्व मुख्य कार्यकारी सदस्य और कांग्रेस नेता दांडी सोनोवाल, अखिल असम छात्र संघ के पूर्व केंद्रीय महामंत्री राना सोनार और जिला युवा कांग्रेस के महामंत्री हिरण्य फुकन ने आज औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हो गए। वे पार्टी की विचारधारा और सिद्धांतों से प्रेरित होकर इसमें शामिल हुए।
विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों से आज भाजपा में शामिल हुए नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि आज के इस कार्यक्रम से पार्टी और मजबूत होगी और सरकार के विकास कार्यों को लोगों तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
भाजपा में शामिल होने के बाद इस अवसर पर बोलते हुए भूपेन राय ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने असम में शांति और विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिसे राज्य की जनता ने पूरे दिल से स्वीकार किया है। उन्होंने आगे विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले दिनों में भी वे इस यात्रा में समर्पित भागीदार बने रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
