कानपुर, 16 मार्च (हि.स.)। छात्र उत्सवों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, ज्ञान और प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, जिससे उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है। ऐसे आयोजन छात्रों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को भी प्रोत्साहित करते हैं। यह बातें सोमवार को सीएसजेएम विश्वविद्यालय में आयोजित छात्र उत्सव के उद्घाटन अवसर पर प्रति-कुलपति प्रोफेसर सुधीर कुमार अवस्थी ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी के छात्रों द्वारा दो दिवसीय छात्र उत्सव ‘जेनोवेट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रति-कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने किया। इस अवसर पर प्रोफेसर वर्षा गुप्ता, अनुराधा कलानी, डॉ. राजीव मिश्रा, डॉ. आलोक पांडेय सहित संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
उत्सव के पहले दिन डॉक्यूमेंट्री, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, प्रस्तुतीकरण, गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को टीएलएस ऑनलाइन और डी मोबाइल कंपनी द्वारा प्रायोजित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
