भुवनेश्वर, 17 मार्च (हि.स.)। नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिलीप राय ने मंगलवार को पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए और अपनी जीत के बाद आशीर्वाद लिया।

मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद राय ने भगवान जगन्नाथ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रभु के आशीर्वाद से उन्हें लोगों की सेवा और ओडिशा के विकास के लिए काम करने की शक्ति, धैर्य और साहस मिला है। राय ने बताया कि उन्हें अपनी जीत का भरोसा था और उन्होंने लगभग दो महीने पहले से ही चुनाव की तैयारी शुरू कर दी थी, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया। उन्होंने उन विधायकों का भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने उनका समर्थन किया, जिनमें क्रॉस-वोटिंग करने वाले विधायक भी शामिल हैं। राय ने अपनी जीत का श्रेय व्यक्तिगत संबंधों के साथ-साथ कई विधायकों के सहयोग और सद्भावना को दिया। नवनिर्वाचित सांसद ने ओडिशा के लोगों के कल्याण और राज्य के विकास के लिए समर्पित होकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
