नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने अवैध एलपीजी गैस सिलेंडरों की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जामिया नगर इलाके से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 62 एलपीजी सिलेंडर (48 भरे हुए और 14 इस्तेमाल किए हुए) तथा एक टाटा ऐस वाहन बरामद किया है, जिसका उपयोग अवैध परिवहन और बिक्री में किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, 16 मार्च को जामिया नगर थाने के हेड कांस्टेबल विजय और हेड कांस्टेबल विक्रम नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान वे गली नंबर-39, यमुना पुस्ता पहुंचे, जहां एक व्यक्ति टाटा ऐस के पास संदिग्ध हालत में खड़ा मिला। वाहन में बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर लदे हुए थे।
संदेह होने पर पुलिस टीम ने व्यक्ति से सिलेंडर बेचने का लाइसेंस या वैध अनुमति पत्र मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वाहन की तलाशी लेने पर कुल 62 सिलेंडर बरामद हुए। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह बिना रसीद दिए जामिया नगर इलाके में ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेचकर अवैध रूप से मुनाफा कमा रहा था।
आरोपित ने यह भी खुलासा किया कि वह यह काम अपने साथी मुकेश के साथ मिलकर कर रहा था, जो टाटा ऐस वाहन का मालिक है। पुलिस ने आरोपित शहनवाज (28) काे गिरफ्तार किया। आराेपित जामिया नगर का रहने वाला है। वह मूल रूप से मेरठ (उप्र) के अजराला गांव का रहने वाला है और तीसरी कक्षा तक शिक्षित है।
पूछताछ के दौरान शहनवाज ने बताया कि गैस सिलेंडर उसके साथी मुकेश द्वारा मेरठ के ललियानी गांव स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास से जुटाए जाते थे। वहां से सिलेंडरों को एक पिकअप वाहन के जरिए सुनसान जगह पर लाकर टाटा ऐस में लोड किया जाता था। उसने यह भी बताया कि घटना से एक दिन पहले वह करीब 70 सिलेंडर उप्र से लाया था, जिन्हें जामिया नगर में ऊंचे दामों पर बेच दिया गया।
इस संबंध में जामिया नगर थाने में एफआईआर संख्या 91/26 के तहत आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 7 और बीएनएस की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपित मुकेश की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
