रात के अंधेरे में बनाई रेडीमेड दीवार, पुलिस

ने हटाई
तीन नामजद सहित 28 के खिलाफ मामला दर्ज
हांसी, 17 मार्च (हि.स.)। यहां के जवाहर नगर
स्थित एक प्लाट पर अवैध कब्जे का प्रयास किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप
है कि कुछ लोगों ने रात के अंधेरे में प्लाट पर निकाली गई पुरानी दीवार तोड़कर नई सीमेंट
की दीवार खड़ी कर प्लाट पर कब्जा कर लिया।
शहर थाना पुलिस ने प्लाट धारक विजय बंसल की शिकायत
के आधार पर मय्यड़ के अजय, सोनू और मोनू सहित 28 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में विजय बंसल ने कहा है
कि उनके पिता अर्जन दास खांडा वाला और उनके साझेदारों ने वर्ष 1959 में हांसी में करीब
साढ़े 9 एकड़ क्षेत्र में जवाहर नगर नामक एक अनुमोदित कॉलोनी विकसित की थी। बंसल के
अनुसार अधिकांश भूमि बिक चुकी है, लेकिन मुख्य सड़क पर स्थित एक प्लाट अभी भी उनके
स्वामित्व में है।
शिकायत में कहा गया है कि 15 मार्च की सुबह मय्यड़
निवासी अजय अपने दोस्तों के साथ जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर प्लाट पर पहुंचा और
वहां बनी ईंटों की बनी पुरानी दीवार को तोड़ने लगा। अजय द्वारा उनके प्लाट पर बनी दीवार
को तोड़ने की सूचना मिलने पर अनाज मंडी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। और पुलिस ने दीवार
तोड़ रही जेसीबी मशीन को रुकवा कर दोनों पक्षों को अनाज मंडी चौकी बुलाया और कागजात
की जांच की। और दोनों पक्षों को अपने विवाद को कोर्ट में हल करवाने के निर्देश दिए।
कोर्ट के माध्यम से विवाद सुलझाने की दी सलाह
अनाज मंडी पुलिस चौकी में मौजूद पुलिस अधिकारियों
ने दोनों पक्षों को प्लाट में किसी भी प्रकार के निर्माण या कार्रवाई करने की बजाए
यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश देते हुए दोनों पक्षों को अपने विवाद को अदालत के माध्यम
से सुलझाने की सलाह दी। इसके बावजूद आरोप है कि अजय अपने दोस्तों के साथ उसी रात
11 बजे के बाद दोबारा प्लाट पर पहुंचा और बनी पुरानी दीवार को गिराकर रात में सीमेंट
की नई रेडीमेड दीवार खड़ी कर प्लाट पर कथित तौर पर कब्जा कर लिया। लेकिन सूचना मिलने
पर पुलिस ने मौके पर पहुंच प्लाट पर बनाई गई रेडीमेड दीवार को गिरा कर प्लाट को पुनः
कब्जा मुक्त करवा दिया।
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
डीएसपी विनोद शंकर ने मंगलवार काे बताया कि विजय बंसल की
शिकायत के आधार पर अजय, सोनू व मोनू सहित 20-25 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला
दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
