यमुनानगर, 17 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में बोर्ड परीक्षा के दौरान छात्राओं से अनुचित व्यवहार के आरोपों को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। महिला थाना पुलिस ने एक निरीक्षक(अध्यापक) के खिलाफ पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना मॉडल कॉलोनी स्थित एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा केंद्र की है, जहां दसवीं कक्षा की परीक्षा आयोजित की जा रही थी। आरोप है कि परीक्षा ड्यूटी पर तैनात निरीक्षक ने परीक्षा के दौरान छात्राओं के साथ अनुचित हरकतें कीं और आपत्तिजनक इशारे किए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग की सात छात्राओं ने आरोप लगाया कि संबंधित निरीक्षक ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया।

छात्राओं ने परीक्षा के दौरान ही बाहर आकर अन्य स्टाफ को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर अभिभावक भी केंद्र पर पहुंचे और उन्होंने नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
महिला थाना पुलिस ने सभी छात्राओं के बयान दर्ज कर लिए हैं और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को प्राथमिकता दी गई है। शिक्षा विभाग ने भी इस प्रकरण को गंभीरता से लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता ने बताया कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों से मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर उच्च स्तर पर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस और शिक्षा विभाग दोनों स्तर पर कार्रवाई जारी है, जबकि अभिभावकों ने दोषी के खिलाफ कड़ी सजा की मांग उठाई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
