
खड़गपुर, 17 मार्च (हि. स.)। यात्रियों को रेलवे टिकटिंग सेवाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) खड़गपुर मंडल ने अवैध टिकट दलाली के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इस अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

आरपीएफ की ओर से मंगलवार शाम प्रेस विज्ञप्ति द्वारा मिली जानकारी अनुसार, 16 मार्च को पुख्ता सूचना के आधार पर सोरो रेलवे स्टेशन के पीआरएस काउंटर पर आरपीएफ आउटपोस्ट सोरो और सीआईबी खड़गपुर की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध रूप से तत्काल टिकट बुक करते हुए पाया गया। पूछताछ में उसकी पहचान ओडिशा के भद्रक जिले के निवासी श्रीकांत परही (27) के रूप में हुई।
जांच के दौरान उसने स्वीकार किया कि वह अतिरिक्त पैसे लेकर ग्राहकों को अवैध रूप से रेलवे आरक्षण टिकट उपलब्ध कराता था। उसके पास से तीन हजार 370 रुपये मूल्य के दो रेलवे आरक्षण टिकट, एक खाली आरक्षण फॉर्म और एक हजार 120 रुपये नकद बरामद किए गए। वैध लाइसेंस या प्राधिकरण न होने पर उसे रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत गिरफ्तार किया गया। इस मामले में आरपीएफ पोस्ट बालेश्वर में केस दर्ज किया गया है।
दूसरी घटना भी सोमवार को पूर्व मेदिनीपुर जिले के तमलुक रेलवे स्टेशन के पीआरएस काउंटर पर भी आरपीएफ पोस्ट तमलुक और सीआईबी खड़गपुर की टीम ने एंटी-टाउटिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध तरीके से टिकट खरीदते हुए पकड़ा गया। उसकी पहचान बीरेन दास (34) के रूप में हुई, जो पूर्व मेदिनीपुर का निवासी है।
उसने भी पूछताछ में अतिरिक्त पैसे लेकर रेलवे आरक्षण टिकट खरीदने और बेचने की बात स्वीकार की। उसके पास से एक हजार 995 रुपये मूल्य के दो जर्नी-कम-रिजर्वेशन टिकट, एक खाली आरक्षण फॉर्म और 305 रुपये नकद बरामद किए गए।
आरपीएफ ने उसे भी रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत गिरफ्तार कर लिया। मामले में आरपीएफ पोस्ट तमलुक में केस दर्ज कर आरोपित को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीजेएम तमलुक की अदालत में पेश किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
