खूंटी, 18 मार्च (हि.स.)। नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत खूंटी नगर पंचायत को नई नेतृत्व टीम मिल गई है। बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष रानी टुटी को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आर. रॉनिटा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस मौके पर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 1 से 19 तक के सभी निर्वाचित वार्ड पार्षदों को भी शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त आर. रॉनिटा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सभी पार्षदों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनता ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरना सभी जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने कहा कि नगर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी और उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों में अपने दायित्वों को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।—————-
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
