कोलकाता, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर 24 परगना जिले के आमडांगा से तीन बार के तृणमूल कांग्रेस विधायक रफीकुर रहमान ने बुधवार को पार्टी नेतृत्व से अपने स्थान पर नए उम्मीदवार को उतारने के फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की।

पार्टी द्वारा इस सीट से पीरजादा कासेम सिद्दीकी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। रहमान के समर्थकों ने अमडांगा-काकीनारा मार्ग को जाम कर दिया, टायर जलाए और उनके समर्थन में तथा पार्टी के पक्ष में नारेबाजी की।
रफीकुर रहमान ने कहा कि मैं पार्टी नेतृत्व से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने का अनुरोध करता हूं। उन्होंने यह भी कहा कि वह पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता हैं और हमेशा उसके साथ रहेंगे।
उन्होंने उम्मीदवार बदलने के बाद इस सीट पर पार्टी की संभावनाओं को लेकर भी आशंका जताई। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि इस बार हम कितने सफल होंगे।” उनका दावा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोग भी नए उम्मीदवार के समर्थन में नहीं हैं।
उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए 74 मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं दिया है और उनकी जगह नए उम्मीदवारों की घोषणा की है।
294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना चार मई को की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
