लखनऊ, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल बुधवार को मिला है। इसके बाद पुलिस सतर्क हो गई और सूचना मिलते ही स्थानीय गोमतीनगर थाना पुलिस और बीडीएस टीम जांच को पहुंची, लेकिन कोई भी वस्तु नहीं मिली है।

इंस्पेक्टर ब्रजेश तिवारी ने बताया कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मैसेज में लिखा है कि वॉशरूम में 19 साइनाइड गैस बम लगाए गए हैं, जो दोपहर तक फट जाएंगे। धमकी भरा मैसेज जैसे ही मिला विभाग के कर्मचारियों में अफरा—तफरी मच गई। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड पहुंच गया। पासपोर्ट कार्यालय में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर कर दिया गया था। घंटों चेकिंग के बाद भी जांच टीम के हाथ कोई भी वस्तु नहीं लगी, जिससे राहत की सांस ली गई।
इंस्पेक्टर ने बताया कि सुबह 7:41 बजे कार्यालय में स्थानीय पासपोर्ट अफसर की आधिकारिक आइडी पर सौरव_बिस्वास 21 नाम की आईडी से ई-मेल भेजा गया है। मैसेज को गंभीरता से लिया गया है। किस मकसद से यह मैसेज भेजा गया है, जिसको लेकर गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल, सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही है।
उल्लेखनीय है कि लखनऊ के अलावा सुलतानपुर में भी डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
————–
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक
