पिथौरागढ़, 18 मार्च (हि.स.)। तवाघाट-लिपुलेख मोटरमार्ग के चौड़ीकरण कार्य के दौरान हुए हादसे में एक एक्सकैवेटर चालक की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मांगती के पास कार्य कर रहे एक्सकैवेटर चालक मनीष चुफाल (32), निवासी नाचनी, अचानक चट्टान टूटने से गिरे बोल्डरों की चपेट में आ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार धारचूला, थाना प्रभारी सहित पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबा हटाकर घायल चालक को तत्काल धारचूला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार शव को मोर्चरी में रख दिया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल
