धनबाद, 18 मार्च (हि.स.)। धनबाद नगर निगम में डिप्टी मेयर और चिरकुंडा नगर परिषद उपाध्यक्ष के लिए बुधवार को चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई। धनबाद नगर निगम के डिप्टी मेयर अरुण चौहान तो चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष विजय यादव चुने गए हैं। अरुण चौहान ने भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 50 पार्षदों का समर्थन मिला, जबकि उनकी प्रतिद्वंदी मेनका सिंह को मात्र

05 मत प्राप्त हुए। डिप्टी मेयर अरुण चौहान झामुमो के महानगर उपाध्यक्ष हरेंद्र चौहान के छोटा भाई हैं। चुनाव के दौरान झामुमो के नेता कार्यकर्ता भी चुनाव के दौरान उपस्थित थेे।
वहीं मतगणना के दौरान निगम परिसर में खासा उत्साह देखने को मिला। अरुण चौहान के समर्थक लगातार नारेबाजी करते नजर आए और जीत की उम्मीद में जश्न का माहौल बना रहा। मतपत्रों की गिनती पारदर्शी तरीके से की गई, जिसे एलईडी स्क्रीन पर लाइव दिखाया जा रहा था, ताकि सभी पार्षद और समर्थक पूरी प्रक्रिया को देख सकें।
जैसे ही अंतिम परिणाम घोषित हुआ, समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने एक-दूसरे को बधाई दी। वहीं, चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नगर निगम में नई टीम के गठन के बाद अब विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इधर, मेयर संजीव सिंह ने कहा कि जनता ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि धनबाद शहर के विकास को नई दिशा देना उनकी प्राथमिकता है। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना, जलापूर्ति को बेहतर बनाना, सड़क और नाली की समस्याओं का स्थायी समाधान करना प्रमुख लक्ष्य होगा।
वहीं डिप्टी मेयर अरुण चौहान ने कहा कि मेयर संजीव सिंह और समर्थन करने वाले सभी पार्षद का आभार।निगम का विकास प्राथमिकता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
