
पश्चिमी सिंहभूम, 18 मार्च (हि.स.)। झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 के अंतर्गत आयोजित आईसीटी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं और आईसीटी समन्वयकों को बुधवार को जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया गया। यह समारोह मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के सभागार में आयोजित हुआ, जहां प्रतिभाओं का उत्साह देखने लायक था।

झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल के राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश पर आयोजित इस प्रतियोगिता को चरणबद्ध तरीके से विद्यालय, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर संपन्न कराया गया। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता 23 से 27 सितंबर 2025, प्रखंड स्तर 06 से 08 नवंबर को जिला स्तर 18 से 19 नवंबर और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 05 दिसंबर 2025 को आयोजित हुई थी।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की भागीदारी काफी उत्साहजनक रही। प्रखंड स्तर पर 988 छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि जिला स्तर पर 157 चयनित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 8 विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर तक अपनी जगह बनाई।
समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिवकुमार मल्लिक, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी सुभाष हेम्ब्रम और विद्यालय प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों ने विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रमाण पत्र, स्कूल बैग और स्मार्ट वॉच देकर सम्मानित किया।
सम्मानित विद्यार्थियों में लक्ष्मी जोंको, गोपीनाथ लोहर, ललिता महतो, अमन मुची, सानया लोहरा, सिद्धांत प्रसाद, खुशी कुमारी साव और नितेश कुमार प्रमुख रूप से शामिल रहे। वहीं आईसीटी समन्वयकों में मनीषा साव, अनु कुमारी, अफसाना प्रवीण, चाईना कुमारी, जयंती कुमारी, सतीश महतो, रूपवती हेम्ब्रम, दीपा गुप्ता, सिद्धी शर्मा और सुमित कुमार रावत को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो ने कहा कि आज के दौर में डिजिटल शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे आयोजन छात्रों को अपनी तकनीकी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं और उनमें नवाचार एवं रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को नई तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के साथ कदम मिलाकर आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम में आईसीटी जिला समन्वयक, शिक्षक, अभिभावक और विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित थेे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
