फतेहाबाद, 19 मार्च (हि.स.)। टेलीग्राम टास्क के नाम पर हुई 10 लाख की ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राजस्थान निवासी सुरेन्द्र भांभू के रूप में हुई है। आरोपी से पांच हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं। गुरूवार को इस बारे में जानकारी देते हुए थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को राजकुमार पुत्र दयाराम यादव द्वारा साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायत के अनुसार 2 अगस्त 2025 को टेलीग्राम के माध्यम से उसे ऑनलाइन टास्क का लालच दिया गया, जिसमें शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क पूरे करने पर कुछ राशि भेजकर उसका विश्वास जीता गया। इसके बाद आरोपियों ने विभिन्न बहानों जैसे टास्क अपग्रेड, क्रेडिट लिमिट, टैक्स आदि के नाम पर उससे बार-बार अलग-अलग बैंक खातों व यूपीआई के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करवा लिए। इस प्रकार आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 10 लाख 48 हजार 276 रुपये की साइबर ठगी की। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में 8 अगस्त 2025 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की । जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस मामले में पहले ही 5 आरोपियों को काबू कर लिया था। अब इसी कड़ी में एक अन्य आरोपी सुरेन्द्र भांभू को भी काबू किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
