नई दिल्ली, 19 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ओमान के सुल्तान, मलेशिया के प्रधानमंत्री और फ्रांस के राष्ट्रपति के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। इन नेताओं के साथ पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने संघर्ष शीघ्र रोकने और बातचीत एवं कूटनीति के रास्ते पर दोबारा लौटने की जरूरत पर बल दिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अपने मित्र राष्ट्रपति इमैन्युल मैक्रों से बातचीत की और खाड़ी क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए अपने घनिष्ठ समन्वय को जारी रखने पर बल दिया।
वहीं, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से बातचीत में उन्होंने उन्हें और वहां की जनता को ईद उल फितर की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए साझा प्रतिबद्धता को दोहराया।
ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से सार्थक बातचीत में उन्होंने उन्हें ईद की अग्रिम शुभकामनाएं दी। साथ ही इस बात पर सहमति जताई कि तनाव कम करने और शांति एवं स्थिरता बहाली के लिए संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
बातचीत में प्रधानमंत्री ने दोहराया कि भारत, ओमान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की निंदा करता है और भारतीय नागरिकों सहित हजारों लोगों की सुरक्षित वापसी में ओमान के प्रयासों की सराहना करता है। भारत-ओमान होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित एवं मुक्त परिचालन के समर्थक हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा
