जलपाईगुड़ी, 19 मार्च (हि.स.)। जिले के मयनागुड़ी में देर रात आए तेज आंधी- तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन ली है। खागड़ाबाड़ी-2 ग्राम पंचायत के द्वारिकामारी इलाके में तेज आंधी और बारिश के दौरान एक विशाल बरगद का पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक युवक घायल हो गया है। मृत युवक का नाम सुजन दास है, जबकि उनका दोस्त काजल दास गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुजन अपने दोस्त के साथ घर के पास स्थित अपनी छोटी दुकान में बुधवार रात सो रहा था। देर रात अचानक तेज हवाओं और ओलावृष्टि के साथ तूफान शुरू हुआ। इसी दौरान पास का एक बड़ा पेड़ उखड़कर दुकान पर गिर पड़ा, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को मयनागुड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुजन को मृत घोषित कर दिया। घायल काजल का इलाज जारी है।
इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है। गुरुवार को मयनागुड़ी के पूर्व विधायक कौशिक राय ने मृतक के परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
