सिलीगुड़ी, 19 मार्च (हि.स.)। माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावी गतिविधियों को तेज करते हुए अपने कार्यालय का उद्घाटन किया। बागडोगरा के गोंसाईपुर इलाके के कॉलेज मोड़ पर गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट की मौजूदगी में भाजपा उम्मीदवार आनंदमय बर्मन ने चुनावी कार्यालय का शुभारंभ किया।

इस दौरान सांसद राजू बिष्ट ने तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों से राज्य की जनता अत्याचार और कुप्रशासन से परेशान है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की तुलना “कोरोना वायरस” से करते हुए कहा कि इस बार जनता इस “बीमारी” को खत्म करेगी।
वहीं, भाजपा उम्मीदवार आनंदमय बर्मन ने कहा कि पार्टी लगातार आम लोगों तक पहुंचने का काम कर रही है और राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में लोग परिवर्तन के पक्ष में मतदान करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
